नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/ बेगुसराय
नावकोठी थाना क्षेत्र के समसा पंचायत में गुरुवार की रात वार्ड संख्या-11 में हुई मारपीट और कथित रूप से घर से बुलाकर बंधक बनाए जाने की घटना को लेकर दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में समसा पंचायत के मुखिया अभिषेक कुमार उर्फ पिंटू समेत कई लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, कैलू महतो तथा अंकेश कुमार की ओर से नावकोठी थाना में अलग-अलग आवेदन देकर मामला दर्ज कराया गया। प्राथमिकी में मुखिया अभिषेक कुमार उर्फ पिंटू, रंजीत महतो, दिनकर कुमार, सचिन कुमार, यशवंत कुमार, रौनक कुमार सहित अन्य लोगों को आरोपित बनाया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुखिया अभिषेक कुमार उर्फ पिंटू, दिनकर कुमार, रौनक कुमार, भोलू शर्मा, सचिन कुमार और यशवंत कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष मो. फिरदौस ने बताया कि मौजूदा सरपंच बाबू साहेब कुंवर और मुखिया के बीच चल रहे विवाद को सुलझाने के लिए पुलिस समसा पहुंची थी। इसी दौरान पीड़ित पक्ष की शिकायत पर दीपक कुमार और अंकेश कुमार को मुखिया के घर से बाहर निकाला गया। इसके बाद प्राप्त आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की गई।
पीड़ित दीपक कुमार, जो कैलू महतो के पुत्र हैं, ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि मुखिया अभिषेक कुमार उर्फ पिंटू और रंजीत महतो समेत 8 से 10 लोग उन्हें घर से जबरन खींचकर ले गए। आरोप है कि उनके साथ लाठी-डंडे से मारपीट की गई तथा हाथ-पैर बांधकर एक गुप्त स्थान पर रखा गया। दीपक कुमार के अनुसार, एक रात पहले मुखिया और रंजीत महतो के सहयोगी भोलू शर्मा उनके घर में गलत नीयत से घुस आए थे। शोर होने पर ग्रामीणों ने भोलू शर्मा के साथ मारपीट कर दी थी। इसी घटना को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
बताया जाता है कि इसी रंजिश में दीपक कुमार, अंकेश कुमार समेत उन लोगों को बुलाकर मारपीट की गई, जिन पर भोलू शर्मा के साथ हुई मारपीट में शामिल होने का आरोप था। घटना की जानकारी सरपंच द्वारा डीएसपी कुंदन कुमार और थानाध्यक्ष मो. फिरदौस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने गुरुवार की रात छापेमारी की।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में जान से मारने की धमकी, आर्म्स एक्ट, बीएनएस की विभिन्न धाराओं समेत अन्य सुसंगत धाराओं में अलग-अलग कांड दर्ज किए गए हैं। सभी गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
