गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत रविवार को नौला पंचायत सरकार भवन में पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया ऋचा देवी ने की। इस अवसर पर राज्य सरकार के सहकारिता मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री रामकृपाल यादव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाएं अब केवल फाइलों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि उन्हें धरातल पर प्रभावी ढंग से लागू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंच रहा है। इन्हीं योजनाओं की समीक्षा और लाभार्थियों की समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से पंचायत विकास दिवस का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों में जिले की विभिन्न पंचायतों में आयोजित सहयोग शिविरों में प्राप्त लगभग 92 प्रतिशत मामलों का निष्पादन किया जा चुका है, जो जिले के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। मंत्री ने कहा कि भारत गांवों का देश है और गांवों के विकास से ही देश का समग्र विकास संभव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विकसित गांव और विकसित पंचायत की अवधारणा के माध्यम से आगे बढ़ा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक भावना तभी सार्थक होती है, जब सरकार लोगों के घर-घर तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करे। वर्तमान सरकार केंद्र की तर्ज पर ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास’ के मंत्र के साथ कार्य कर रही है।
स्थानीय विधायक कुंदन कुमार ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर जनहित में लगातार कार्य कर रही हैं। उन्होंने बताया कि नौला पंचायत में बालन नदी पर नए पुल का निर्माण, वीरपुर प्रखंड में नए अस्पताल की स्थापना तथा प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की व्यवस्था सहित कई विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिनका लाभ क्षेत्र की जनता को मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया।
इस मौके पर जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार, डीपीआरओ, बीडीओ पंकज कुमार शक्तिधर, सीओ भाई वीरेंद्र, थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार, नौला पिकेट प्रभारी अखिलेश कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार वर्मा, मंडल अध्यक्ष वीरसेन विक्रम, मुखिया प्रतिनिधि प्रीतम कुमार सिंह, रामप्रवेश सिंह, पंचायत समिति सदस्य मुकुल प्रकाश, अनामिका कुमारी, सरपंच विश्वनाथ पंडित, भाजपा नेत्री ऋचा कुमारी सहित कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।


