गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
मुहर्रम के अवसर पर वीरपुर पूर्वी पंचायत स्थित अली ताजिया कमेटी के तत्वावधान में शनिवार की देर शाम प्रखंडस्तरीय कलाबाजी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी प्रखंड की विभिन्न पंचायतों से पहुंचे खिलाड़ियों ने एक से बढ़कर एक करतब दिखाकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन को लोगों ने खूब सराहा और उनका उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन वीरपुर पूर्वी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि रामप्रवेश सिंह, सामाजिक कार्यकर्ता अभिनव गुप्ता, मो. अफरोज आलम तथा वार्ड सदस्य संघ के प्रखंड अध्यक्ष जितेंद्र कुमार साह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मुहर्रम का पर्व हमें अन्याय के विरुद्ध न्याय, झूठ के विरुद्ध सत्य और अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने की प्रेरणा देता है। यह पर्व त्याग, बलिदान और मानवता का संदेश देने वाला माना जाता है।
आयोजन समिति की ओर से चार दिवसीय मेले का भी आयोजन किया गया है, जहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल के बीच मेले का आनंद ले रहे हैं।
मौके पर एसआई ऋषिकेश भारद्वाज, आयोजन समिति के मो. फारूक उर्फ सोनू, मो. नसीम, मो. गफ्फार, मो. एयाज आलम, महफूज आलम सहित अन्य सदस्य एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद थे।

