नवीन कुमार मिश्र AV भारत न्यूज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
सकरबासा पंचायत के वार्ड संख्या पांच में बिजली विभाग की लापरवाही लोगों पर भारी पड़ सकती है। फुदीयावाहा टोला स्थित महिंदर यादव के घर के समीप वर्षों से क्षतिग्रस्त बिजली पोल अब भी नहीं बदला गया है। इसी पोल पर 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है, जिससे ग्रामीणों में हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पोल लंबे समय से जर्जर अवस्था में है और कभी भी गिर सकता है। यदि ऐसा हुआ तो हाईटेंशन तार टूटकर नीचे गिरने से बड़ा हादसा हो सकता है, जिससे जान-माल की भारी क्षति होने की आशंका है।
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या की जानकारी कई बार बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को दी गई, लेकिन अब तक पोल बदलने की दिशा में कोई कार्रवाई नहीं की गई। लगातार शिकायतों के बावजूद विभाग की उदासीनता से लोगों में आक्रोश है।

ग्रामीणों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर इस समस्या को कई बार समाचार माध्यमों के जरिए भी उठाया गया, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। लोगों ने बिजली विभाग से अविलंब जर्जर पोल बदलने की मांग करते हुए कहा कि किसी दुर्घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाएं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पोल नहीं बदला गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने विभाग से जनहित में तत्काल कार्रवाई कर क्षेत्र को संभावित खतरे से मुक्त कराने की मांग की है।


