नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी अंचल क्षेत्र के 35 राजस्व ग्रामों में चल रहा विशेष भूमि सर्वेक्षण कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लगातार आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में अंचल के 15 राजस्व ग्रामों में किस्तवार कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
जिन मौजों में किस्तवार कार्य पूर्ण हुआ है, उनमें वृंदावन (थाना संख्या-204), मथुरापुर (254), कमलपुर (205 एवं 209), करैयटार (259), बहादुरपुर (203, 211 एवं 212), इब्राहिमपुर (208), फकीरना (261), गुरुदान (182), अब्बूपुर (207), नीरपुर (252), गम्हरिया (184) तथा मनेरपुर (249) शामिल हैं।

इसके अलावा अब्बूपुर (थाना संख्या-207) एवं बहादुरपुर (थाना संख्या-203) मौजा में खानापुरी का कार्य भी पूरा कर लिया गया है। 20 जून को इन दोनों मौजों के संबंधित रैयतों के बीच खानापुरी पर्चा का सफलतापूर्वक वितरण किया गया। जिन अन्य मौजों में किस्तवार कार्य पूरा हो चुका है, वहां भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत जल्द ही खानापुरी पर्चा का वितरण कराया जाएगा।
प्रशासन की ओर से बताया गया है कि खानापुरी पर्चा प्राप्त होने के बाद यदि किसी भू-स्वामी या रैयत को विशेष भूमि सर्वेक्षण के अंतर्गत प्रपत्र-8 में दर्ज विवरण पर कोई दावा या आपत्ति हो, तो वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ संबंधित दावा-आक्षेप शिविर में आवेदन दे सकते हैं। निर्धारित नियमों के अनुसार पर्चा वितरण की तिथि से 30 कार्य दिवस के भीतर दावा एवं आपत्ति दर्ज कराने का प्रावधान है।
अंचल प्रशासन ने सभी संबंधित भू-स्वामियों एवं रैयतों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना दावा या आपत्ति दर्ज कराने की अपील की है। अधिक जानकारी अथवा आवश्यक सहायता के लिए संबंधित विशेष भूमि सर्वेक्षण शिविर कार्यालय, नावकोठी अंचल से संपर्क किया जा सकता है।


