गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी अनुमंडल क्षेत्र में इन दिनों भूमि विवाद के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। जमीन से जुड़े छोटे विवाद अब बड़े टकराव का रूप लेते जा रहे हैं, जिससे आम लोगों में चिंता का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, विवादों के समाधान के लिए लोग अनुमंडल दंडाधिकारी बखरी के समक्ष धारा 163 बीएनएसएस के तहत वाद दर्ज कराने के लिए अधिवक्ता के माध्यम से आवेदन दे रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक एक-दो मामलों को छोड़ अधिकांश मामलों में सीधे कार्रवाई शुरू नहीं हो पा रही है। प्रक्रिया के तहत संबंधित थानों से जांच प्रतिवेदन मांगा जाता है, लेकिन यह जाँच रिपोर्ट समय पर उपलब्ध नहीं कराई जा रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस द्वारा जांच प्रतिवेदन में हो रही देरी का लाभ दबंग प्रवृत्ति के लोग उठा रहे हैं। कई मामलों में देखा गया है कि रिपोर्ट लंबित रहने के दौरान ही विवादित जमीन पर जबरन दखल-कब्जा कर लिया जाता है, जिससे स्थिति और जटिल हो जाती है तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है। पीड़ितों का कहना है कि समय पर प्रशासनिक कार्रवाई नहीं होने से न्याय मिलने में देरी हो रही है।
वहीं, जानकारों का मानना है कि यदि जांच प्रक्रिया को समयबद्ध बनाया जाए और प्रशासन स्तर पर त्वरित हस्तक्षेप हो, तो ऐसे विवादों को शुरुआती स्तर पर ही नियंत्रित किया जा सकता है।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों में शीघ्र जांच सुनिश्चित की जाए तथा विपक्षी पक्ष को नोटिस जारी कर त्वरित सुनवाई की व्यवस्था की जाए, ताकि आम नागरिकों का भरोसा बना रहे और क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रह सके।
