नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगूसराय
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के स्थापना दिवस सह राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के अवसर पर राजकीय डिग्री महाविद्यालय, बांक डंडारी परिसर में गुरुवार को “स्वामी विवेकानंद का जीवन और दर्शन” विषय पर विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के साथ महाविद्यालय परिसर में वृहद पौधारोपण अभियान भी चलाया गया। इस दौरान विद्यार्थियों और कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए छात्र शक्ति को राष्ट्र शक्ति बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ राजकीय डिग्री महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. शशिकांत पांडे, उच्च माध्यमिक प्लस-2 विद्यालय बांक की प्राचार्या डॉ. प्रेमा कुमारी, एबीवीपी बेगूसराय के पूर्व विभाग प्रमुख विजेंद्र कुमार तथा उत्तर बिहार प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दयानिधान गिरी ने भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए डॉ. शशिकांत पांडे ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं के लिए उतने ही प्रासंगिक हैं, जितने उनके समय में थे। उन्होंने कहा कि युवाओं को भटकाव से दूर रहकर अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा में लगानी चाहिए।
डॉ. प्रेमा कुमारी ने विद्यार्थियों से स्वामी विवेकानंद के आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील करते हुए कहा कि उनका संदेश “उठो, जागो और तब तक मत रुको, जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए” आज भी प्रत्येक छात्र के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
एबीवीपी के पूर्व विभाग प्रमुख विजेंद्र कुमार एवं प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य दयानिधान गिरी ने परिषद के गौरवशाली इतिहास और छात्र हितों के लिए उसके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचारों पर चलने का अर्थ केवल आत्मविकास नहीं, बल्कि प्रकृति, समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना भी है।
कार्यक्रम के अंत में एबीवीपी डंडारी के नगर मंत्री दिवेश कुमार ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि परिषद हमेशा से छात्र हित, सामाजिक सरोकार और राष्ट्रहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाती रही है।
इस अवसर पर नगर सहमंत्री शुभम झा, आकाशदीप कुमार, विशाल कुमार, सुजीत कुमार, अमन कुमार सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


