गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/ बेगुसराय
भाजयुमो बिहार के प्रदेश महामंत्री नीरज नवीन ने नगर परिषद बखरी में बस स्टैंड के नाम पर कथित अवैध वसूली, वित्तीय अनियमितता तथा ई-रिक्शा चालकों के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
अपने पत्र में उन्होंने कहा है कि बखरी नगर परिषद क्षेत्र में आज तक व्यवस्थित बस स्टैंड और यात्रियों के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। इसके बावजूद वाहन एवं ई-रिक्शा चालकों से बस स्टैंड शुल्क के नाम पर कथित रूप से अवैध वसूली की जा रही है। उनका आरोप है कि इस वसूली का विरोध करने वाले चालकों के साथ अभद्र व्यवहार, मारपीट और धमकी जैसी घटनाएं भी सामने आती रही हैं, जिससे वाहन चालकों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
नीरज नवीन ने मुख्यमंत्री से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कराने, वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा बखरी में आधुनिक सुविधाओं से युक्त एक व्यवस्थित वाहन पड़ाव (बस स्टैंड) का निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि इससे वाहन चालकों, यात्रियों और स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी तथा अवैध वसूली जैसी शिकायतों पर भी रोक लग सकेगी।


