गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
वर्ष 2021 में कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, मुजफ्फरा की वार्डन रिंकू कुमारी की संदिग्ध मौत मामले की जांच के सिलसिले में सोमवार को आईजी विकास वैभव अपनी विशेष जांच टीम (एसआईटी) के साथ विद्यालय पहुंचे। टीम ने विद्यालय परिसर का गहन निरीक्षण करते हुए विभिन्न कमरों, छत, आसपास के हिस्सों तथा आने-जाने के रास्तों का बारीकी से जायजा लिया। इस दौरान मौजूद लोगों से भी घटना से संबंधित कई बिंदुओं पर पूछताछ की गई।

मौके पर आईजी विकास वैभव ने बताया कि इस मामले को हाईकोर्ट ने संदिग्ध मानते हुए नए सिरे से जांच करने का आदेश दिया है। इसी के आलोक में सभी आवश्यक दस्तावेज एकत्र किए जा रहे हैं और पूरे मामले की फिर से गहराई से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले पुलिस ने वार्डन की मौत को आत्महत्या मानते हुए क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दी थी, लेकिन अब न्यायालय के निर्देश पर हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जाएगी।
आईजी ने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति के पास इस मामले से जुड़ी कोई महत्वपूर्ण जानकारी है तो वह जांच टीम से साझा कर सकता है। ऐसी हर सूचना की गंभीरता से जांच की जाएगी।

वहीं, मृतका वार्डन की पुत्री तेजस्विनी कुमारी ने कहा कि उनकी मां ने आत्महत्या नहीं की थी, बल्कि उनकी हत्या की गई थी। उन्होंने हाईकोर्ट के निर्देश पर गठित एसआईटी पर भरोसा जताते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि इस बार निष्पक्ष जांच होगी और सच्चाई सामने आएगी।
जांच के दौरान एसआईटी में बेगूसराय रेंज के डीआईजी शैलेश कुमार सिन्हा, विशेष निगरानी इकाई के पुलिस उपाधीक्षक अशोक झा, बगहा के एसडीपीओ निहार भूषण, पूर्वी मुजफ्फरपुर के एसडीपीओ अलय वत्स, पटना जिला बल के पुलिस निरीक्षक कुमार अभिषेक सहित बेगूसराय जिला पुलिस के कई अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा सदर-2 एसडीपीओ कुमारी दुर्गा शक्ति एवं वीरपुर थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार भी मौके पर उपस्थित थे।


