गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय, बखरी में गुरुवार को अनुमंडल स्तरीय विज्ञान शिक्षकों की कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन जिला समन्वयक हर्षवर्धन कुमार, अनुमंडल समन्वयक रजनीश पल्लव, प्रखंड समन्वयक देवव्रत कुमार तथा विद्यालय के प्रधानाध्यापक प्रेम कुमार गांधी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए जिला समन्वयक हर्षवर्धन कुमार ने विज्ञान प्रोजेक्ट के विभिन्न विषयों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष विद्यार्थी कचरा प्रबंधन, ऊर्जा, जल प्रबंधन, भोजन, स्वास्थ्य एवं कृषि तथा भारतीय ज्ञान प्रणाली जैसे विषयों पर प्रोजेक्ट तैयार कर सकते हैं। उन्होंने स्थानीय समस्याओं को ध्यान में रखते हुए ईख के पत्तों से कंपोस्ट तैयार करने तथा जलभराव जैसी चुनौतियों पर आधारित प्रोजेक्ट बनाने के लिए भी शिक्षकों को प्रेरित किया।
अनुमंडल समन्वयक रजनीश पल्लव ने शिक्षकों से विज्ञान प्रदर्शनी के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए गुणवत्तापूर्ण प्रोजेक्ट तैयार कराने की अपील की। कार्यशाला में अनुमंडल के विभिन्न विद्यालयों से आए 32 विज्ञान शिक्षकों ने भाग लिया। इस दौरान प्रोजेक्ट पंजीकरण की समीक्षा भी की गई।
कार्यशाला के अंत में अनुमंडल स्तरीय आयोजन समिति का गठन किया गया। इसमें रजनीश पल्लव को अनुमंडल समन्वयक, प्रेम कुमार गांधी को शैक्षिक समन्वयक, देवव्रत कुमार को बखरी प्रखंड समन्वयक, अभय कुमार को नावकोठी प्रखंड समन्वयक तथा जिया उल्लाह रहमान को गढ़पुरा प्रखंड समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई। साथ ही सभी शिक्षकों ने अपने-अपने विद्यालयों से कम से कम पांच विज्ञान प्रोजेक्ट का पंजीकरण सुनिश्चित कराने का संकल्प लिया।


