गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
श्री विश्वबन्धु पुस्तकालय के 70वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर दूसरे दिन चित्रांकन एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों के साथ-साथ स्वतंत्र प्रतिभागियों सहित करीब 250 लोगों ने भाग लेकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
मेहंदी प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आकर्षक और कलात्मक डिजाइनों से सभी को प्रभावित किया। खासकर छोटी बच्चियों द्वारा बनाई गई बारीक एवं सुंदर मेहंदी की आकृतियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने उनकी कला और हुनर की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन पुस्तकालय के अध्यक्ष संतोष गुड्डु, बैंक ऑफ इंडिया की शाखा प्रबंधक पूजा जायसवाल, भाजयुमो प्रदेश महामंत्री नीरज नवीन, पूर्व प्रधानाध्यापिका रुक्मणि कुमारी, पुस्तकालय के सहसचिव कोमल आर्य तथा पार्षद समीर श्रवण ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कार्यक्रम प्रभारी राजन कुमार, कोषाध्यक्ष कुंदन केशरी, राजीव कुमार साहू, राहुल केशरी, सूरज कुमार सहित पुस्तकालय के दर्जनों सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों और युवाओं में रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना तथा उनकी प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा।


