नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) नावकोठी में मंगलवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष प्रसव पूर्व स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 37 गर्भवती महिलाओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन चौधरी ने बताया कि जांच के दौरान सभी गर्भवती महिलाओं का रक्तचाप (बीपी), हीमोग्लोबिन, एचआईवी, मूत्र, वजन, ऊंचाई तथा डायबिटीज सहित अन्य आवश्यक चिकित्सीय परीक्षण किए गए। जांच के दौरान सात गर्भवती महिलाएं एनीमिया से पीड़ित पाई गईं।
जांच के बाद सभी महिलाओं को कैल्शियम, फोलिक एसिड सहित आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही उन्हें नियमित स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, हरी सब्जियां और मौसमी फलों का सेवन करने तथा पर्याप्त आराम करने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से माला-एन, छाया, निरोध एवं ईजीपील का भी वितरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान बीसीएम उषा कुमारी, बीएमईए संदीप चंद्र, लैब टेक्नीशियन पंकज जोशी, जीएनएम रवि कुमार, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ता सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मी उपस्थित रहे।


