
गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड के राटन गांव स्थित प्राचीन काली मंदिर में आषाढ़ माह के अवसर पर श्रद्धा, आस्था और भक्ति के साथ मां काली की विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। पूजा में राटन सहित आसपास के गांवों और दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं ने मां काली के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।
मंदिर परिसर में पारंपरिक मान्यता के अनुसार बलि प्रथा का भी पालन किया गया। वहीं, कई श्रद्धालुओं ने अपने बच्चों का मुंडन संस्कार कराया और अन्य धार्मिक अनुष्ठान भी विधि-विधान से संपन्न किए। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तों की भीड़ और जयकारों से गुंजायमान रहा।

पूजा के अवसर पर मंदिर परिसर में मेले का भी आयोजन किया गया, जहां विदेसिया नाच, मीना बाजार, मिठाई तथा अन्य तरह की दुकानों पर लोगों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। बच्चों, महिलाओं और युवाओं ने मेले का भरपूर आनंद लिया।
मेला आयोजन समिति के सदस्य विमल कुमार, छत्तीस, रंजीत पासवान, सोनू कुमार सहित अन्य ग्रामीणों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाई। समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष आषाढ़ माह में यहां पारंपरिक रूप से पूजा और मेले का आयोजन किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।

