गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
नगर परिषद बखरी एक बार फिर सवालों के घेरे में है। शहर के बीचों-बीच बन रहे नाले के निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। आरोप है कि निर्माण कार्य में सरकारी मानकों की अनदेखी करते हुए घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नाला निर्माण में संवेदक द्वारा कथित रूप से पुराने और कमजोर गुणवत्ता वाले ईंटों का उपयोग किया जा रहा है। साथ ही नकली सीमेंट और घटिया बालू के प्रयोग की भी शिकायतें सामने आई हैं। लोगों का आरोप है कि यह सब नगर प्रशासन की जानकारी और मिलीभगत से हो रहा है।
लोगों ने बताया कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता बेहद खराब होने के कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। कई जगहों पर अधूरा और अव्यवस्थित निर्माण कार्य लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। बावजूद इसके, कार्य बिना किसी ठोस निगरानी के जारी है।
आरोप है कि नगर परिषद के जनप्रतिनिधि, सिटी मैनेजर, अभियंता एवं संबंधित पदाधिकारी निर्माण कार्य की अनियमितताओं पर कार्रवाई करने के बजाय चुप्पी साधे हुए हैं, जिससे आम जनता में रोष व्याप्त है।
स्थानीय लोगों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा है कि यदि शीघ्र ही गुणवत्ता की जांच नहीं कराई गई, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उनका कहना है कि सरकारी धन से हो रहे विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
