गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड के घाघरा पंचायत अंतर्गत बदिया गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर “नर्वदेश्वर महादेव बदिया” की अतिक्रमित जमीन को रविवार को मंदिर समिति और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से खाली कराया गया। इस अभियान में गांव के महिला-पुरुष, युवा और जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।
जानकारी के अनुसार, मंदिर की कुल जमीन करीब 5 बीघा 12 कट्टा 15 धुर बताई जाती है। इसमें दक्षिण दिशा में 6 कट्टा, उत्तर दिशा में 6 कट्टा 15 धुर, विद्यालय के आगे ट्रांसफार्मर के पास लगभग 3 बीघा 10 कट्टा और चंद्रभागा नदी के समीप करीब 1 बीघा 10 कट्टा जमीन शामिल है। बताया गया कि इन जमीनों के कुछ हिस्सों पर लंबे समय से अतिक्रमण था। दक्षिण दिशा में कुछ लोगों ने झोपड़ियां बना ली थीं, जबकि अन्य हिस्सों में खेती की जा रही थी।
अतिक्रमण हटाने को लेकर करीब दो महीने पहले सामाजिक स्तर पर पंचायत बुलाई गई थी। पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया था कि वैशाख पूर्णिमा तक सभी अतिक्रमण हटा लिए जाएंगे। इसके बाद कई लोगों ने स्वेच्छा से जमीन खाली कर दी, लेकिन कुछ लोग अब भी कब्जा नहीं हटा रहे थे।
रविवार को मंदिर समिति ने ग्रामीणों के सहयोग से अभियान चलाकर शेष अतिक्रमण भी हटवा दिया। इस दौरान हल्की कहासुनी की स्थिति भी बनी, जिसे नियंत्रित करने के लिए डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात को शांत कराया। इसके बाद संबंधित लोगों को समझाने के लिए थाना बुलाया गया।
