गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी थाना क्षेत्र में महिंद्रा कंपनी के नाम पर नकली ऑटोमोबाइल स्पेयर पार्ट्स बेचे जाने का मामला सामने आया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने एक दुकान में छापेमारी कर संदिग्ध पार्ट्स बरामद किए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, खगड़िया जिले के गोगरी थाना क्षेत्र के उसरी गांव निवासी संजीव कुमार, जो वर्तमान में C31 कंसल्टेंट इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में ऑपरेशन मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं, ने इस संबंध में बखरी थाना में आवेदन दिया था। उन्होंने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि अंबेडकर चौक स्थित “टेक्नो इंडिया स्पेयर्स पार्ट्स” नामक दुकान में महिंद्रा कंपनी के नाम पर नकली सामान बेचा जा रहा है।

आवेदन के आधार पर 1 मई 2026 को सब-इंस्पेक्टर राजेंद्र राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उक्त दुकान पर छापेमारी की। जांच के दौरान दुकान से महिंद्रा के नाम पर कई संदिग्ध और कथित तौर पर नकली स्पेयर पार्ट्स बरामद किए गए।
छापेमारी के समय बखरी थाना के सब-इंस्पेक्टर विक्रम चौधरी, अरुण कुमार, महिंद्रा कंपनी के प्रतिनिधि सतीश चंद्र, अंसार खान सहित अन्य लोग मौजूद थे।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और जब्त किए गए स्पेयर पार्ट्स की सत्यता की पुष्टि कराई जा रही है। थानाध्यक्ष शैलेंद्र कुमार ने बताया कि इस मामले में संबंधित दुकानदार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
