5000 मैट्रिक टन क्षमता वाले गोदाम का होगा निर्माण
गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगुसराय
बखरी पूर्वी पैक्स को केंद्र सरकार की विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना के तहत चयनित किया गया है। इस योजना के अंतर्गत बखरी में 5000 मैट्रिक टन क्षमता वाले अत्याधुनिक अन्न गोदाम का निर्माण किया जाएगा।गोदाम निर्माण के लिए कुल 250 डिसमिल भूमि की आवश्यकता होगी। इस संबंध में जिला सहकारिता पदाधिकारी ने बखरी अंचलाधिकारी को पत्र भेजकर सड़क किनारे ऐसी सरकारी भूमि उपलब्ध कराने का आग्रह किया है, जहां पूरे वर्ष मोटरगाड़ियों का सुगम आवागमन बना रहे। पत्र की प्रति संबंधित पैक्स अध्यक्ष और बीसीओ को भी भेजी गई है, ताकि सीओ से समन्वय स्थापित कर भूमि उपलब्ध कराई जा सके।इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर बखरी पूर्वी पैक्स अध्यक्ष अनिल यादव ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए केंद्र सरकार के प्रति आभार जताया है। उन्होंने कहा कि बखरी को इस योजना में शामिल किया जाना गर्व की बात है। पांच हजार मैट्रिक टन के इस गोदाम के निर्माण से क्षेत्र में अन्न भंडारण की बेहतर व्यवस्था होगी, जिससे स्थानीय किसानों को लाभ मिलेगा और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
यह गोदाम न केवल क्षेत्रीय स्तर पर खाद्यान्न भंडारण की समस्या का समाधान करेगा, बल्कि स्थानीय रोजगार सृजन एवं कृषि आधारित अर्थव्यवस्था को भी मजबूती प्रदान करेगा।
