गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/ बेगुसराय
बखरी प्रखंड कार्यालय परिसर के समीप बुधवार की शाम लघुशंका करने गए एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की अचानक गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए बखरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान खड़कचक निवासी 65 वर्षीय सत्तो मुखिया (पिता- स्व. रामपुकार मुखिया) के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह विष्णु मुखिया के साथ किसी कार्य से बखरी अनुमंडल कार्यालय आए थे। काम समाप्त होने के बाद दोनों घर लौट रहे थे।
इसी दौरान शाम करीब चार बजे प्रखंड कार्यालय परिसर के समीप सत्तो मुखिया लघुशंका के लिए रुके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लघुशंका के बाद उठने के दौरान वह अचानक जमीन पर गिर पड़े। गिरते ही उनके नाक, मुंह और कान से खून निकलने लगा, जिससे आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों ने तत्काल उन्हें उठाकर बखरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने बताया कि सत्तो मुखिया करीब दो माह पूर्व नई दिल्ली से अपने गांव लौटे थे। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। फिलहाल उनकी मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम नहीं कराए जाने के कारण कारणों की आधिकारिक पुष्टि भी नहीं हो सकी। परिजन अस्पताल से शव लेकर अंतिम संस्कार के लिए अपने घर चले गए।

