नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगूसराय
नीट पेपर लीक मामले के विरोध तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित बिहार बंद का असर शनिवार को बेगूसराय में मिला-जुला रहा। शहर के मुख्य बाजारों के साथ-साथ विभिन्न चौक-चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही, जबकि अनुमंडल एवं जिले के अधिकांश प्रखंडों में जनजीवन सामान्य रहा।
बंद को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा। हर-हर महादेव चौक, सुभाष चौक, ट्रैफिक चौक, कचहरी चौक तथा कलेक्ट्रेट भवन के आसपास बड़ी संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारी की तैनाती की गई थी। शहरी क्षेत्र में ड्रोन कैमरे से निगरानी की जा रही थी, वहीं पुलिस लगातार गश्त करती रही। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए वाटर कैनन और दंगा नियंत्रण दस्ता भी तैयार रखा गया था।
इस दौरान आइसा समेत अन्य संगठनों के कार्यकर्ताओं ने राज्य उपाध्यक्ष अजय कुमार एवं सोनू फरनाज के नेतृत्व में ट्रैफिक चौक के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-31 को करीब एक घंटे तक जाम कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों के समर्थन में विरोध दर्ज कराया, जिससे कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, पुलिस अधीक्षक मनीष, सदर-1 डीएसपी आनंद कुमार पांडेय तथा सदर एसडीओ अश्विनी कुमार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन नारेबाजी जारी रही। करीब एक घंटे बाद प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर आंदोलन समाप्त कराया, जिसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य हो सका।


