नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी थाना क्षेत्र के सदर पंचायत में एक 95 वर्षीय बुजुर्ग के साथ मारपीट कर गंभीर रूप से घायल करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में नावकोठी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नावकोठी वार्ड संख्या-13 निवासी रामलोचन महतो ने थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि वह अपनी जमीन पर स्थित मंदिर परिसर में बैठे हुए थे। इसी दौरान गांव के ही आयुष कुमार उर्फ कारी, पिता अशोक कुमार उर्फ पिंटू सिंह, अपने पांच-छह साथियों के साथ वहां पहुंचा और मंदिर परिसर में महुआ एवं अंग्रेजी शराब बेचने लगा।
आवेदक के अनुसार, जब उन्होंने मंदिर परिसर में शराब बेचने का विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। इसके बाद आयुष कुमार ने अपने हाथ में मौजूद लोहे की रॉड से उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए। वहीं, उसके साथ मौजूद पांच-छह अज्ञात लोगों ने कथित रूप से उनके मुंह पर पिस्तौल सटा दी।
रामलोचन महतो ने बताया कि उनकी चीख-पुकार सुनकर उनकी पत्नी जोगनी देवी उन्हें बचाने के लिए पहुंचीं, लेकिन आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान उनके गले से मंगलसूत्र और कान की बाली छीनकर सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
इस संबंध में थानाध्यक्ष मो. फिरदौस ने बताया कि मामले में नावकोठी थाना कांड संख्या 137/26 दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी आयुष कुमार उर्फ कारी (विधि विरुद्ध बालक) को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।


