गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
नगर परिषद बखरी के वार्ड संख्या-21 में पार्षद पद लंबे समय से रिक्त रहने पर भाजपा नेता एवं पूर्व पार्षद नीरज नवीन ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी, बेगूसराय से अविलंब उपचुनाव कराने की मांग की है।
जिलाधिकारी को सौंपे गए आवेदन में नीरज नवीन ने कहा है कि वार्ड-21 के निर्वाचित पार्षद हीरा राम का 29 मार्च 2025 को असामयिक निधन हो गया था। उनके निधन के बाद से यह पद रिक्त है, जिसके कारण वार्ड के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना पड़ रहा है और कई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिल पा रहा है।
उन्होंने बताया कि वार्ड में जलजमाव, सफाई व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी कई समस्याएं बनी हुई हैं। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य विकास योजनाओं का क्रियान्वयन भी बाधित है। उन्होंने कहा कि वार्ड-21 अनुसूचित, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग बहुल क्षेत्र है, इसलिए यहां जनप्रतिनिधि का होना अत्यंत आवश्यक है।
नीरज नवीन ने कहा कि नगर निकायों में रिक्त पदों पर नियमानुसार निर्धारित समय सीमा के भीतर उपचुनाव कराया जाना चाहिए, लेकिन पार्षद के निधन के काफी समय बीत जाने के बावजूद अब तक चुनाव नहीं कराया गया है। उन्होंने जिला प्रशासन एवं निर्वाचन विभाग से संविधान और निर्वाचन नियमों के अनुरूप वार्ड-21 में शीघ्र उपचुनाव कराने की मांग की, ताकि वार्ड के विकास कार्यों में तेजी आए और लोगों को निर्वाचित जनप्रतिनिधि का लाभ मिल सके।

