गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगूसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के मैदाबभनगामा गांव स्थित सरकाही बहियार में सोमवार को एक वृद्ध की ईंट-पत्थर से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।
मृतक की पहचान मैदाबभनगामा पंचायत के वार्ड संख्या-1 स्थित पोखर टोला निवासी स्वर्गीय घुरण पासवान के 65 वर्षीय पुत्र आशो पासवान के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब एक बजे मृतक के पुत्र ने उन्हें सरकाही बहियार स्थित गाछी में बैठा हुआ देखा था। इसके बाद शाम करीब चार बजे स्थानीय लोगों ने सूचना दी कि किसी अज्ञात व्यक्ति अथवा व्यक्तियों ने ईंट-पत्थर से हमला कर उनकी हत्या कर दी है।

घटना की सूचना मिलते ही वीरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने घटनास्थल से ईंट और पत्थर बरामद किए हैं, जिन्हें जांच के लिए अपने कब्जे में ले लिया गया है।
परिजनों ने बताया कि करीब छह माह पहले इसी गाछी में छेड़खानी की एक घटना हुई थी, जिसके आशो पासवान प्रत्यक्षदर्शी थे। उनका आरोप है कि उस मामले में शामिल लोगों ने पहले भी उन्हें धमकी दी थी। परिजनों का कहना है कि उन्हें पूरा संदेह है कि उसी रंजिश में उनकी हत्या की गई है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार और सदर डीएसपी कुमारी दुर्गा शक्ति पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। अधिकारियों ने मृतक के परिजनों एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ कर विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है।
एसपी मनीष कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी संभावित बिंदुओं पर पुलिस काम कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


