गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/ बेगुसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के भवानंदपुर पंचायत के पबरा ढाब स्थित बूढ़ी गंडक नदी में स्नान करने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से 14 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। मृतका की पहचान पबरा ढाब निवासी नवीन कुमार सिंह की 14 वर्षीय पुत्री आयुषी कुमारी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों समेत पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया।
बताया गया कि आयुषी मैट्रिक परीक्षा 2027 की तैयारी कर रही थी। पीड़ित परिजनों के अनुसार वह बीते मंगलवार को घर से पढ़ने के लिए निकली थी। देर शाम तक घर वापस नहीं लौटने पर स्थानीय स्तर पर उसकी काफी खोजबीन की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
बुधवार की अहले सुबह जब कुछ लोग पबरा ढाब स्थित बूढ़ी गंडक नदी घाट के किनारे खेत में घास काटने पहुंचे तो वहां एक हवाई चप्पल पड़ी मिली। परिजनों ने चप्पल की पहचान करते हुए आशंका जताई कि वह नदी में स्नान करने के दौरान डूब गई है। इसके बाद स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव की तलाश शुरू की गई, लेकिन कई घंटों तक कोई सफलता नहीं मिली।
इसी दौरान घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर लाल दियारा के समीप नदी में कुछ पौधों के सहारे मृतका का शव फंसा हुआ स्थानीय मछुआरों ने देखा। शव की पहचान होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। लगभग 24 घंटे से अधिक समय तक शव पानी में रहने के कारण उससे बदबू आने लगी थी।

घटना के बाद मृतका के माता-पिता, चाचा और दोनों भाइयों सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था। स्थानीय लोगों एवं परिजनों ने बताया कि आयुषी बहुत ही मेधावी और शालीन छात्रा थी।
घटना की सूचना मिलने पर बीडीओ पंकज कुमार शक्तिधर, सीओ सह आपदा प्रबंधन पदाधिकारी भाई वीरेंद्र तथा थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच की। इस दौरान उन्होंने पीड़ित परिजनों एवं स्थानीय लोगों से पूछताछ भी की।
वहीं थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार के नेतृत्व में एसआई ऋषिकेश भारद्वाज एवं परमा पासवान ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मुखिया दीपक कुमार, पूर्व पंचायत समिति सदस्य अजय झा, सुरेश पासवान, सामाजिक कार्यकर्ता शंभु सिंह एवं संजय पासवान भी घटनास्थल पर पहुंचे। सभी ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया तथा आपदा प्रबंधन के तहत मिलने वाली मुआवजा राशि जल्द दिलाने का भरोसा दिया।


