नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगूसराय
बिहार के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले बच्चों की निगरानी अब जल्द ही मोबाइल ऐप के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए समाज कल्याण विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। यह जानकारी बिहार सरकार की समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने गुरुवार को बेगूसराय सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।
मंत्री ने बताया कि राज्य मंत्रिमंडल ने आंगनबाड़ी सेविका एवं सहायिका चयन मार्गदर्शिका-2026 को मंजूरी दे दी है। आंगनबाड़ी व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से राज्यभर में 6,141 सेविकाओं और 16,750 सहायिकाओं के रिक्त पदों पर जल्द नियुक्ति की जाएगी।
प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. श्वेता गुप्ता ने बेगूसराय बालिका गृह से पांच नाबालिग बच्चियों के लापता होने के मामले पर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलने के बाद वह स्वयं बेगूसराय पहुंची हैं। उन्होंने बताया कि जिला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच में से तीन बच्चियों को बरामद कर लिया है, जबकि शेष दो बच्चियों की तलाश जारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस जल्द ही उन्हें भी सकुशल बरामद कर लेगी।
समाज कल्याण मंत्री ने बताया कि उन्होंने सदर प्रखंड के चिलमिल पंचायत स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 419, 282 और 308 के अलावा मटिहानी बुनियादी केंद्र का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्रों की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी सेविकाएं बच्चों को नियमित रूप से पढ़ा रही थीं तथा केंद्रों पर अधिकांश आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध थीं।
इस अवसर पर मंत्री के आप्त सचिव सुधांशु शेखर, आईसीडीएस निदेशालय पटना की सहायक निदेशक निरूपा कुमारी, जिला एडीएसएस पदाधिकारी नेहा कुमारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


