गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
राजकीय अन्य पिछड़ा वर्ग कन्या आवासीय +2 उच्च विद्यालय, बखरी का तीसरा स्थापना दिवस शनिवार को हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें छात्राओं ने गीत, नृत्य, नाटक, भाषण सहित विभिन्न मनमोहक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला कल्याण पदाधिकारी बेगूसराय अमरेन्द्र कुमार मिश्र, अनुमंडल पदाधिकारी बखरी सन्नी सौरव, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी बखरी सह नोडल पदाधिकारी निशांत आनंद, अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी तेघड़ा सुमित कुमार सुमन तथा अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी बलिया अमरजीत सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर सभी अतिथियों ने छात्राओं को संबोधित करते हुए शिक्षा, अनुशासन और आत्मनिर्भरता का महत्व बताया।

अनुमंडल पदाधिकारी सन्नी सौरव ने छात्राओं को समय का सदुपयोग करने, लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने तथा जीवन में अनुशासन बनाए रखने की प्रेरणा दी। वहीं अनुमंडल कल्याण पदाधिकारी निशांत आनंद ने छात्राओं से पढ़ाई के साथ-साथ कला, खेलकूद एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्राचार्य गौतम गोविंदा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में शिक्षक अमरनाथ, रौशन, अनामिका, भव्या, इंद्र, विनय सहित विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मी उपस्थित रहे। स्थापना दिवस समारोह का समापन छात्राओं के उत्साहपूर्ण सांस्कृतिक कार्यक्रमों और अतिथियों के आशीर्वचन के साथ हुआ।


