नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र में भाकपा अंचल परिषद की बैठक आयोजित कर आगामी एक सितंबर को दिल्ली में होने वाली बदलाव रैली की तैयारी पर चर्चा की गई। बैठक में नावकोठी अंचल से अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं, किसानों, मजदूरों और व्यवसायियों की रैली में भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता पूर्व मुखिया गणेश महतो ने की। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सूर्यकांत पासवान ने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले बारह वर्षों से देश में संघ परिवार के इशारे पर भाजपा का शासन चल रहा है। उनके अनुसार इस शासनकाल में विकास के बजाय राज्य और स्थानों के नाम बदलने को प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को राहत देने वाले सरकारी उपक्रमों को कॉरपोरेट घरानों के हाथों सौंपा जा रहा है, जिससे देश की आर्थिक स्थिति कमजोर हुई है। उन्होंने किसानों की समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि किसानों के हाथों से उनकी जमीन छीनने की साजिश की जा रही है। केंद्र और राज्य सरकार किसानों को समय पर खाद, बीज और कीटनाशक उपलब्ध कराने में विफल साबित हुई है। कृषि लागत लगातार बढ़ रही है, जबकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है। ऐसे में किसानों की आय दोगुनी करने का सरकारी नारा खोखला साबित हो रहा है।
पूर्व विधायक ने कहा कि देश में बदलाव के लिए जनसंघर्ष को तेज करने की जरूरत है। वहीं अंचल प्रभारी संजीव कुमार सिंह ने कहा कि देश की जनता महंगाई की चौतरफा मार से परेशान है। चीनी, दाल, खाद्य तेल, प्याज और मसालों समेत रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
बैठक में नेताओं ने कहा कि दिल्ली की बदलाव रैली केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि आम जनता के सवालों को मजबूती से उठाने का एक माध्यम है। रैली में नावकोठी क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
मौके पर अंचल मंत्री चंद्र भूषण चौधरी, सहायक अंचल मंत्री जितेंद्र कुमार, सियाराम महतो, नारायण पासवान, टुन्नी लाल सिंह, राजेंद्र शर्मा, नसीम रब्बानी, देवेंद्र पासवान, रौशन कुमार, अर्जुन पासवान सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

