नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगूसराय
बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र के बछवाड़ा प्रखंड में बाढ़ की स्थिति और उससे निपटने के लिए प्रशासन की ओर से की जा रही तैयारियों को लेकर केंद्रीय मंत्री एवं बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने दूरभाष पर जिलाधिकारी और फ्लड एग्जीक्यूटिव से जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में जलस्तर, बाढ़ की वर्तमान स्थिति तथा राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी प्राप्त की।
गिरिराज सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जाए और जलस्तर की नियमित निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह तैयार रहे। जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों तक तत्काल हरसंभव सहायता पहुंचाई जाए।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बाढ़ जैसी प्राकृतिक आपदा के समय प्रशासन की तत्परता और सतर्कता बेहद जरूरी है। प्रभावित इलाकों में नाव, राहत सामग्री, चिकित्सा सुविधा सहित अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित रखी जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर लोगों को समय पर सहायता मिल सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं। राज्य सरकार और जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सरकार का उद्देश्य है कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और आवश्यकता के अनुसार उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
गिरिराज सिंह ने अधिकारियों से स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने को कहा, ताकि प्रभावित परिवारों तक राहत और बचाव कार्य तेजी से पहुंचाया जा सके। उन्होंने किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और परिस्थितियों के अनुसार तत्काल निर्णय लेने का भी निर्देश दिया।


