नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सदर पंचायत नावकोठी के मुखिया राष्ट्रपति कुमार ने मंगलवार को मिडिल स्कूल नावकोठी और आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 45 का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय और आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुखिया ने विद्यालय के कक्षा-कक्ष, परिसर की साफ-सफाई, शौचालय, मध्याह्न भोजन, शिक्षकों की उपस्थिति और आरओ वाटर सप्लाई की व्यवस्था की जानकारी ली। विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश कुमार ने विभिन्न कक्षाओं में चल रहे पठन-पाठन के बारे में मुखिया को जानकारी दी।
मुखिया राष्ट्रपति कुमार ने स्कूली बच्चों से भी बातचीत कर पढ़ाई और विद्यालय से जुड़ी उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
इसके बाद उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र संख्या 45 का निरीक्षण किया। केंद्र में गेट नहीं होने के कारण बच्चों के बाहर चले जाने की समस्या पर उन्होंने नाराजगी जताई। साथ ही सेविका को बच्चों के लिए तैयार किए जाने वाले गर्म पका भोजन की गुणवत्ता और केंद्र की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
इस मौके पर उपमुखिया विजय सहनी, वार्ड सदस्य महेश महतो, शत्रुघ्न कुमार, शिक्षक अनिल महतो, सेविका, सहायिका सहित अन्य लोग मौजूद थे।


