गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी प्रखंड के चकहमीद पंचायत अंतर्गत बहोरचक मुसहरी में बुधवार की रात एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई, जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। 40 वर्षीय योगेंद्र सदा की अचानक मौत के कुछ ही घंटों बाद उनकी 30 वर्षीय पत्नी मीना देवी का भी निधन हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार बुधवार की शाम योगेंद्र सदा भोजन करने के बाद चौक की ओर टहलने निकले थे। इसी दौरान उन्हें हल्की अस्वस्थता महसूस हुई। परिजन उन्हें घर वापस ले आए, लेकिन रात करीब 8 बजे अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
पति के निधन की खबर से पत्नी मीना देवी गहरे सदमे में चली गईं। बताया जा रहा है कि पति की मृत्यु के कुछ ही घंटे बाद मीना देवी ने भी दम तोड़ दिया। आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत सदमे के कारण हुई।मृतक दंपति की कोई संतान नहीं थी। एक के बाद एक हुई इन मौतों से गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण इस घटना से स्तब्ध हैं और हर ओर इसकी चर्चा हो रही है।घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग मृतक परिवार को सांत्वना देने में जुटे हैं।
