नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र के किसान भवन, नावकोठी में पंचायत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख अनीता देवी ने की। बैठक में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। कई समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने संबंधित विभाग के अधिकारियों के सामने अपनी नाराजगी भी जताई।
बीडीओ राहुल रंजन ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से पंचायत समिति की बैठक में नियमित रूप से शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के आपसी समन्वय से ही विकास योजनाओं की समीक्षा और उन्हें धरातल पर उतारने का काम बेहतर तरीके से किया जा सकता है।
बैठक के दौरान राजस्व और बिजली विभाग से जुड़ी समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने सवाल उठाए। मुखिया राष्ट्रपति कुमार और पंसस इमरोज राणा ने अंचलाधिकारी नावकोठी के कार्य व्यवहार पर सवाल उठाते हुए आम लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने की बात कही। इस पर अंचलाधिकारी मुकेश कुमार ने आम लोगों के विश्वास पर खरा उतरने का आश्वासन दिया।
पंसस गौतम गोस्वामी ने सिया लषण उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, समसा की भूमि की डाक कराने का प्रस्ताव रखा। वहीं पंसस अरविंद कुमार सिंह ने कृषि फीडर में बिजली आपूर्ति नहीं होने की समस्या उठाई।
बिजली से जुड़ी समस्याओं को लेकर जनप्रतिनिधियों ने जमकर नाराजगी जताई। बिजली कनेक्शन देने में देरी, मीटर लगाने के नाम पर कथित वसूली, लटके तार और खराब पोल सहित उपभोक्ताओं को हो रही परेशानियों का मुद्दा उठाया गया। मुखिया राष्ट्रपति कुमार, विजय पासवान, पंसस अजीत सिंह समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने इन समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की।
पीएचईडी विभाग के एसडीओ आशुतोष प्रसाद के समक्ष प्रखंड की सभी नल-जल योजना की टंकियों की सफाई, केमिकल डालने, खराब चापाकलों की मरम्मत और टूटे पाइपों को ठीक कराने की मांग रखी गई। इसके अलावा पीएचसी में टंकी से बेवजह पानी बहने पर रोक लगाने की बात भी कही गई।
बैठक में पशु चिकित्सालय को रजाकपुर के बजाय नावकोठी प्रखंड मुख्यालय में संचालित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। इसके लिए प्राथमिक विद्यालय नावकोठी के भवन के उपयोग की जानकारी दी गई। इस दौरान प्रखंड की विभिन्न जनसमस्याओं और विकास योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी सह बीडीओ राहुल रंजन, अंचलाधिकारी मुकेश कुमार, बीपीआरओ जितेंद्र कुमार, सीडीपीओ गुंजन मौली, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राजीव रंजन चौधरी, पीएचईडी विभाग के एसडीओ आशुतोष प्रसाद, बीएओ रौशन कुमार, आपूर्ति पदाधिकारी मनोज कुमार, कनीय विद्युत अभियंता विमल कुमार साहा, यूको बैंक शाखा प्रबंधक आनंद सौरभ सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

