गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
एसडीपीओ कार्यालय बखरी में शुक्रवार को क्षेत्र की कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ कुंदन कुमार ने की।
बैठक में बखरी थाना प्रभारी पवन कुमार, गढ़पुरा थानाध्यक्ष, परिहारा थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के दौरान एसडीपीओ ने तीनों थाना क्षेत्रों की वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था, लंबित मामलों की प्रगति, अपराध नियंत्रण रणनीतियों, गश्ती व्यवस्था, तथा संवेदनशील इलाकों की निगरानी को लेकर विस्तृत समीक्षा की।
एसडीपीओ कुंदन कुमार ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी आपराधिक घटना पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।अपराधियों की धरपकड़ तेज की जाए और शराब एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर सख्त रोक लगाई जाए।चौक-चौराहों पर नियमित जांच अभियान चलाया जाए और रात्री गश्ती को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही क्षेत्र में बेहतर शांति-व्यवस्था कायम की जा सकती है। इसलिए शिकायतों के त्वरित निपटारे और पारदर्शी एवं जवाबदेह कार्यशैली अपनाने पर जोर दिया। बैठक में आगामी त्योहारों और भीड़भाड़ वाले दिनों में विशेष सतर्कता बरतने, ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस उपस्थिति बढ़ाने, और सभी थानों के बीच आपसी समन्वय मजबूत करने पर भी सहमति बनी।
एसडीपीओ ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाली किसी भी गतिविधि पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।बैठक के बाद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।
