गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
सजग प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग की सक्रिय भूमिका के कारण इंटरमीडिएट परीक्षा दे रही एक छात्रा की वर्षों की मेहनत जाते-जाते बच गई। मामला बखरी स्थित घाघरा +2 स्कूल परीक्षा केंद्र का है, जहां इंटरमीडिएट परीक्षा की प्रथम पाली के दौरान विनीता कुमारी नामक छात्रा अचानक मूर्छित होकर गिर पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही बखरी के एसडीपीओ कुंदन कुमार स्वयं मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए छात्रा को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बखरी लेकर गए। वहां पहले से मौजूद डॉक्टरों की टीम ने तत्काल इलाज शुरू किया। बताया गया कि छात्रा को पहले से ही सांस संबंधी समस्या थी।प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉ. राजीव कुमार ने अपनी निगरानी में छात्रा का इलाज किया, जिससे उसकी तबीयत में शीघ्र सुधार हुआ। स्वास्थ्य में सुधार के बाद छात्रा को पुनः घाघरा स्कूल परीक्षा केंद्र भेजा गया, जहां उसने इंग्लिश विषय की परीक्षा सफलतापूर्वक दी।
छात्रा के अभिभावकों ने इस मानवीय और त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग का आभार जताया। इस दौरान स्वास्थ्य कर्मी राज कुमार का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
