गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
प्रसिद्ध होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. एम. एन. रहमानी को कज़ाखस्तान के अल्माटी शहर में आयोजित वर्ल्ड होम्योपैथिक समिट अवार्ड से सम्मानित किया गया।
यह अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम 6 फरवरी को कैस्पियन यूनिवर्सिटी इंटरनेशनल स्कूल ऑफ मेडिसिन,अल्माटी में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन केंट लेबोरेट्री एवं केंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हाजीपुर के तत्वावधान में किया गया था।
इस अवसर पर कैस्पियन यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. (प्रो.) अंबेक सईद ने होम्योपैथिक चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए डॉ. एम. एन. रहमानी को सम्मानित किया।उल्लेखनीय है कि डॉ. एम. एन. रहमानी इससे पूर्व भी दुबई, मलेशिया, थाईलैंड, वियतनाम, नेपाल सहित विभिन्न देशों में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों में दस अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त कर चुके हैं।
डॉ. रहमानी लंबे समय से होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति के माध्यम से मरीजों की सेवा कर रहे हैं। उनकी इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि से न केवल बेगूसराय जिला, बल्कि पूरे बिहार के चिकित्सक समुदाय में हर्ष का माहौल है। स्थानीय होम्योपैथिक चिकित्सकों एवं गणमान्य लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे जिले के लिए गौरव का विषय बताया है।
