गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगुसराय
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत मंगलवार को वीरपुर प्रखंड क्षेत्र के वीरपुर पूर्वी पंचायत भवन में अपर समाहर्ता (एडीएम) महेश्वर प्रसाद सिंह के नेतृत्व में तथा जगदर पंचायत भवन में अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में जनसहयोग शिविर का आयोजन किया गया।
वीरपुर पूर्वी पंचायत भवन में आयोजित शिविर में मौजूद ग्रामीणों, फरियादियों, जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए एडीएम महेश्वर प्रसाद सिंह ने जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, वृद्धा, विधवा एवं दिव्यांग पेंशन योजना तथा राशन कार्ड से वंचित लोगों के आवेदन की प्रक्रिया और संबंधित पदाधिकारियों के दायित्वों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने भूमि विवादों के निपटारे, विभिन्न धाराओं एवं दंड प्रक्रिया के तहत भू-माफियाओं से जुड़े मामलों में प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका तथा प्रदत्त शक्तियों के दुरुपयोग की स्थिति में अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई किए जाने संबंधी प्रावधानों की जानकारी दी।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि रिश्वत मांगना भीख मांगने के बराबर है और भीख असहाय एवं निर्बल लोगों को दी जाती है, हृष्ट-पुष्ट लोगों को नहीं। उन्होंने कहा कि कोई भी पदाधिकारी जन्मजात रिश्वतखोर नहीं होता, बल्कि समाज की प्रवृत्तियां उसे ऐसा बनाती हैं। कानून के अनुसार रिश्वत लेना और देना दोनों ही संज्ञेय अपराध हैं और दोनों ही दंडनीय हैं।
मौके पर बीडीओ पंकज कुमार शक्तिधर, सीडीपीओ नीतीश कुमार, मुखिया पूनम देवी, सरपंच मीनू देवी, पूर्व मुखिया राम प्रवेश सिंह, एलएस डेजी गांधी, पुलिस पदाधिकारी ऋषिकेश भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के प्रखंड स्तरीय पर्यवेक्षक, पंचायत स्तरीय कर्मी, जनप्रतिनिधि एवं सैकड़ों ग्रामीण मौजूद थे।

वहीं, जगदर पंचायत भवन में अनुमंडल पदाधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में जनसहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र के अलावा वास्तविक लाभुकों को वासगीत पर्चा भी वितरित किया गया। थाना अध्यक्ष राजू रंजन कुमार एवं मुखिया आशा देवी ने संयुक्त रूप से लाभुकों के बीच प्रमाण पत्र एवं वासगीत पर्चा का वितरण किया।
