नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगुसराय
राजकीय अयोध्या शिवकुमारी आयुर्वेद महाविद्यालय, बेगूसराय में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर में सैकड़ों चिकित्सकों एवं आम लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
योग प्रशिक्षक श्री के. चंदन एवं उनकी टीम ने उपस्थित चिकित्सकों और आम नागरिकों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. श्रीनिवास त्रिपाठी ने कहा कि आयुर्वेद में योग का विशेष महत्व है। योग के माध्यम से शरीर और मन दोनों को स्वस्थ एवं प्रसन्न रखा जा सकता है। हमारे ऋषि-मुनियों ने योगासन, प्राणायाम एवं विभिन्न आयुर्वेदिक विधियों के माध्यम से मानव जीवन को निरोग रखने की व्यवस्था बताई है।
उन्होंने कहा कि योग का यह प्रशिक्षण केवल चिकित्सकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि चिकित्सकों के माध्यम से अस्पताल आने वाले रोगियों तक भी इसका लाभ पहुंचेगा। उन्होंने कहा कि कई ऐसे रोग हैं, जिनका नियंत्रण और उपचार योग एवं प्राणायाम के नियमित अभ्यास से संभव है और कई मामलों में दवाओं की आवश्यकता भी कम हो जाती है।
इस अवसर पर डॉ. किश्वर सुल्ताना, डॉ. रामसागर दास, डॉ. प्रमोद कुमार, डॉ. इंदु कुमारी, डॉ. राजीव कुमार शर्मा, डॉ. सत्येंद्र कुमार सिंह और डॉ. माधुरी कुमारी समेत कई चिकित्सकों ने भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
वहीं आयुर्वेद महाविद्यालय की ओर से सोनमा में भी डॉ. दिनेश कुमार के नेतृत्व में योग शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों को योग के महत्व और उसके लाभों की जानकारी दी गई।v


