गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
बखरी क्षेत्र में नीलगायों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे किसान भारी परेशानी का सामना कर रहे हैं। खेतों में लगी फसलों को नीलगाय झुंड बनाकर नुकसान पहुँचा रही हैं। खासकर रबी फसलों के मौसम में नीलगायों के कारण किसानों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।किसान अजीत कुमार,अरविंद महतो, श्रवन महतो का कहना है कि गेहूं, चना, सरसों, मक्का और सब्जी की फसलों को नीलगाय रात के समय खेतों में घुसकर बर्बाद कर दे रही हैं।

कई स्थानों पर खेत पूरी तरह रौंद दिए गए हैं। नीलगायों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, लेकिन इनके नियंत्रण को लेकर कोई ठोस व्यवस्था नहीं की जा रही है। किसानों ने बताया कि फसल नुकसान के कारण उन्हें आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है और कर्ज का बोझ भी बढ़ रहा है।
किसानों ने प्रशासन और वन विभाग से नीलगायों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो आने वाले दिनों में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं।

ग्रामीणों ने नीलगायों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने, खेतों की सुरक्षा के लिए तारबंदी तथा मुआवजा व्यवस्था लागू करने की मांग की है।इस संबंध में स्थानीय किसानों का कहना है कि सरकार की ओर से फसल सुरक्षा और मुआवजा की घोषणा तो की जाती है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका लाभ नहीं मिल पाता। इधर इस गंभीर समस्या के संबंध में राटन की पंचायत समिति सदस्या रीना देवी ने पंचायत समिति की बैठक में भी इस आवाज को जोरदार तरीके से रखने का काम की है।
