नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड कांग्रेस कमेटी की ओर से मंगलवार को प्रखंड के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान अयोध्या प्रसाद सिंह प्लस-टू विद्यालय, नावकोठी, विकास विद्यालय सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम के उद्देश्य से अवगत कराया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता निशा शर्मा ने की।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा राजस्थान के कोटा में छात्रों को संबोधित किए गए कार्यक्रम का करीब 45 मिनट तक बड़े एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण छात्र-छात्राओं को दिखाया गया। इसके माध्यम से शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष रजनीकांत पाठक ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार की नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक की घटनाएं, बढ़ती शिक्षा शुल्क और छात्रों से जुड़े अन्य मुद्दों को लेकर युवाओं की आवाज बुलंद करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इन्हीं विषयों को लेकर पटना में राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम आयोजित किया जाना प्रस्तावित है।
उन्होंने छात्रों से अपने अधिकारों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों के प्रति जागरूक रहने की अपील करते हुए कहा कि नीट, बीपीएससी सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक जैसी घटनाओं के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाना आवश्यक है।
कार्यक्रम में सुमनजीत सुमन, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष सुरेश पासवान, मो. अहमद, श्रीराम सिंह, बलबीर सहित कांग्रेस के कई कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।


