नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगूसराय
सावन मास की तैयारियों तथा गौतम धाम के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श के लिए ऋषि गौतम सेवा संस्थान, खम्हार स्थित गौतम धाम परिसर में संरक्षक मंडल एवं कार्यकारिणी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता विद्यातन के डायरेक्टर, पूर्व प्राचार्य एवं संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. राजेंद्र सिंह ने की।
बैठक के दौरान संस्थान के महासचिव रामबाबू सिंह ने गत वर्ष और चालू वर्ष का आय-व्यय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसे सदस्यों ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। इसके बाद संस्थान की आगामी कार्ययोजनाओं और उन्हें प्रभावी ढंग से लागू करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि सावन माह को देखते हुए गौतम धाम परिसर को पूरी तरह सुसज्जित किया जाएगा। प्रत्येक वर्ष सावन में भोले बाबा और गौतम बाबा पर जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं। इसे देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने पर सहमति बनी।
सावन महोत्सव के आयोजन में होने वाले खर्च को लेकर भी सदस्यों ने विचार-विमर्श किया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि संस्थान के सदस्य स्वयं भी सहयोग करेंगे और क्षेत्र में जनसंपर्क कर चंदा संग्रह अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में गौतम धाम के समग्र विकास, गौतम कुंड की नियमित साफ-सफाई तथा उसके सौंदर्यीकरण को लेकर भी कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। उपस्थित सदस्यों ने इन कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने पर जोर दिया।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सेवानिवृत्त उपनिदेशक डॉ. अर्जून सिंह, प्रो. हरे राम सिंह, रामाज्ञा सिंह, महेंद्र प्रसाद सिंह, रामबदन सिंह, रामविलास सिंह, महेंद्र सिंह, महेश प्रसाद सिंह सहित संस्थान के कई सदस्य उपस्थित रहे।


