नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र में रविवार और सोमवार को हुई लगातार मानसूनी बारिश के बाद जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। अधिकांश पंचायतों में जलजमाव की स्थिति बन गई है, जिससे लोगों को आवागमन सहित रोजमर्रा के कार्यों में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) का परिसर भी पानी से लबालब हो गया है। विष्णुपुर पंचायत के वार्ड संख्या-1 स्थित गौरीपुर मोहल्ला पूरी तरह जलमग्न है। सड़क पर करीब एक फीट पानी जमा होने से स्कूली बच्चों के साथ-साथ आम लोगों को आने-जाने में कठिनाई हो रही है।
स्थानीय ग्रामीण धर्मशील कुमार, शिवपूजन चौधरी, रंजीत चौधरी, अरुण राम और कौशल राय ने बताया कि लगातार बारिश और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लोगों का जीवन प्रभावित हो गया है। वहीं समसा पंचायत के महादेव स्थान स्थित शिवालय में भी जलजमाव के कारण श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना करने में परेशानी हो रही है।
स्थानीय केदार गोस्वामी, राजेंद्र गोस्वामी, महेंद्र गोस्वामी, मनोज गोस्वामी, कुसो गोस्वामी, विजय गोस्वामी और कामदेव गोस्वामी ने बताया कि कई घरों में बारिश का पानी घुस गया है। जलजमाव के कारण कुछ मकानों में दरारें भी पड़ गई हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल है।
नावकोठी बाजार जाने वाली मुख्य सड़क पर जल निकासी की व्यवस्था नहीं होने से करीब दो फीट पानी जमा हो गया है। इसके अलावा वृंदावन, पहसारा, टेकनपुरा, छतौना, बभनगामा, महेशवारा सहित प्रखंड के कई इलाकों में जलजमाव के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित है।
ग्रामीणों का कहना है कि अधिकांश स्थानों पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति उत्पन्न हो जाती है। उनका यह भी कहना है कि उच्च न्यायालय के निर्देश के बावजूद कई ग्रामीण सड़कों का लगातार ऊंचाईकरण किया जा रहा है। इससे सड़क किनारे बसे लोगों के घरों में पानी भरने की समस्या और बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से स्थायी जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने और प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र राहत पहुंचाने की मांग की है।


