नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र के पहसारा पश्चिम स्थित कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में मंगलवार को ग्रामीणों द्वारा व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य विद्यालय परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित एवं आकर्षक बनाना था, ताकि छात्राओं को साफ-सुथरा और बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिल सके।
सफाई अभियान के दौरान विद्यालय परिसर में उगी झाड़ियां, बेतरतीब घास-फूस तथा पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई की गई। इसके साथ ही विद्यालय के चारों ओर तथा मुख्य प्रवेश द्वार की विशेष रूप से साफ-सफाई कर परिसर को व्यवस्थित किया गया।
बिजली विभाग के कर्मियों की मौजूदगी में हाईटेंशन विद्युत तारों के संपर्क में आ रही पेड़ों की खतरनाक टहनियों की भी कटाई-छंटाई कराई गई, ताकि छात्राओं एवं विद्यालय आने-जाने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान बिजली विभाग से धीरज कुमार सहित अन्य मानव बल मौजूद रहे।
भाजपा युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष शिवम वत्स ने कहा कि विद्यालय ज्ञान का मंदिर होता है। इसे स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं पूर्व पैक्स अध्यक्ष रणवीर कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय परिसर की साफ-सफाई का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
सफाई अभियान में सीपीआई नेता अमर कुमार सिंह, प्रशांत कुमार, राहुल कुमार भारती, कर्नल, लाखन, मोटरी सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान के अंत में ग्रामीणों ने विद्यालय प्रबंधन से परिसर की नियमित साफ-सफाई और रख-रखाव पर विशेष ध्यान देने की अपील की।


