नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगूसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र के विष्णुपुर पंचायत में भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) बेगूसराय जिला परिषद के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने “देश में बदलाव जरूरी है” अभियान के तहत जनसंपर्क सह पदयात्रा निकाली। इस दौरान ग्रामीणों से संपर्क कर पार्टी की नीतियों और मांगों की जानकारी दी गई।
अंचल प्रभारी संजीव सिंह ने बताया कि राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम के तहत पार्टी अपने 14 सूत्री मांगपत्र को लेकर गांव-गांव जनसंपर्क और पदयात्रा अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी की प्रमुख मांगों में नीट पेपर लीक मामले में आंदोलनकारी छात्र-युवाओं पर दमन और गोलीबारी के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई, पेपर लीक पर रोक, समान शिक्षा प्रणाली लागू करना, सरकारी संपत्तियों की बिक्री पर रोक लगाकर युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना, किसानों के लिए एमएसपी की कानूनी गारंटी, मुफ्त शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधा, भ्रष्टाचार पर नियंत्रण, भूमिहीनों को जमीन और आवास, श्रम कानूनों में बदलाव पर रोक, न्यूनतम मजदूरी लागू करना तथा मनरेगा को प्रभावी ढंग से लागू करना शामिल है।
उन्होंने कहा कि पार्टी का मानना है कि आम लोगों को रोटी, कपड़ा, मकान, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए देश में नीतिगत बदलाव आवश्यक है।
सीपीआई के अनुसार, 1 अगस्त से 15 अगस्त तक राष्ट्रव्यापी पदयात्रा अभियान तथा 20 अगस्त तक जनजागरण और जन लामबंदी कार्यक्रम चलाया जाएगा। इसी अभियान के तहत पार्टी ने 1 सितंबर को “दिल्ली चलो” कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी का आह्वान किया है।
इस अवसर पर अंचल मंत्री चन्द्रभूषण चौधरी, अमरेश पोद्दार उर्फ टुनटुन, रघुनन्दन सहनी, संजय पासवान, सरस्वती देवी, इंद्रा देवी, राजेन्द्र महतो, रामसागर महतो, लक्ष्मी तांती, राजेन्द्र पासवान सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे


