नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र के डफरपुर पंचायत अंतर्गत छतौना पंचायत भवन में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया सुनैना देवी ने की।
बैठक के दौरान सीडीपीओ रश्मि कुमारी ने पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता अभियान को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष बल देते हुए ग्रामीणों को इसके प्रति जागरूक रहने की अपील की। साथ ही किसानों से मनरेगा के तहत पौधारोपण के लिए आवेदन पत्र जमा करने का आग्रह किया।
सीडीपीओ के नेतृत्व में नए आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण का प्रस्ताव लिया गया तथा पुराने भवन के जीर्णोद्धार संबंधी प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए मुखिया प्रतिनिधि ई. रंजीत कुमार पमपम ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जाने वाले प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, प्लास्टिक प्रदूषण और जैव विविधता के नुकसान जैसे गंभीर पर्यावरणीय मुद्दों के प्रति लोगों को जागरूक करना समय की आवश्यकता है। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया।
बैठक में उपमुखिया राजकुमार सिंह, वार्ड सदस्य सुधीर सिंह, हरिबदन पंडित, बाल्मीकि सिंह, शुभम राज, महिला पर्यवेक्षिका, आंगनबाड़ी सेविकाएं, जीविका कर्मी सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।
