विजय भारती ब्यूरो AV भारत न्युज बेगुसराय
भगवानपुर पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना क्षेत्र के भीठ गांव से एक शराब कारोबारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 15 लीटर देशी चुलाई शराब तथा शराब निर्माण में प्रयुक्त उपकरण भी बरामद किए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गुप्त सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने भीठ गांव के वार्ड संख्या-12 में छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक स्थान से 15 लीटर देशी चुलाई शराब बरामद की। इसके अलावा शराब बनाने में उपयोग किए जाने वाले विभिन्न उपकरण भी जब्त किए गए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से भीठ गांव निवासी राजकुमार मुखिया के पुत्र रोहित मुखिया को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब और उपकरणों को जब्त कर थाना लाया गया।
थानाध्यक्ष ऋषिकांत कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर पुलिस त्वरित कार्रवाई कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कदम उठाएगी।
