नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगूसराय
पटना से आई निगरानी विभाग की टीम ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए बेगूसराय सदर अंचल कार्यालय के क्लर्क सह प्रभारी नाजीर सोनू कुमार को 4 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान सदर अंचल कार्यालय एवं बीडीओ कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। निगरानी टीम को देखकर कई कर्मी और बिचौलिए कार्यालय छोड़कर निकल गए।
जानकारी के अनुसार, नीमाचांदपुरा गांव निवासी दौलती देवी की पुत्री रानी कुमारी की 3 अक्टूबर 2025 को छठ पूजा के नहाय-खाय के दिन बूढ़ी गंडक नदी में स्नान के दौरान डूबने से मौत हो गई थी। मृतका के परिजनों को मिलने वाली चार लाख रुपये की सरकारी सहायता राशि के भुगतान के एवज में क्लर्क सह प्रभारी नाजीर सोनू कुमार पर 8 हजार रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।
दौलती देवी ने इसकी शिकायत पटना स्थित निगरानी विभाग से की थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की जांच की, जिसमें आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। इसके बाद डीएसपी श्याम बाबू प्रसाद के नेतृत्व में निगरानी विभाग की टीम ने सदर अंचल कार्यालय में जाल बिछाया।
शुक्रवार को पूर्व निर्धारित योजना के तहत जैसे ही दौलती देवी ने सोनू कुमार को रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 4 हजार रुपये दिए, निगरानी टीम ने उन्हें मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
दौलती देवी ने बताया कि उनकी बेटी की मृत्यु के बाद मिलने वाली सरकारी सहायता राशि जारी कराने के लिए उनसे 8 हजार रुपये की रिश्वत मांगी गई थी। इसी से परेशान होकर उन्होंने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी।
गिरफ्तारी के बाद निगरानी विभाग की टीम सोनू कुमार को अपने साथ लेकर चली गई। टीम उनसे पूछताछ कर रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


