नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता नावकोठी/बेगुसराय
नावकोठी प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत सभी पंचायतों के शिव मंदिरों में सावन की दूसरी सोमवारी पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सावन का महीना भगवान भोलेनाथ की आराधना के लिए पवित्र महीनों में से एक माना जाता है। इस महीने में श्रद्धालु सोमवार को व्रत रखकर भगवान शिव की पूजा-अर्चना करते हैं और जलाभिषेक कर सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना करते हैं।
सावन की सोमवारी का धार्मिक महत्व और भी बढ़ जाता है। इसी आस्था और भक्ति का नजारा सोमवार को प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में देखने को मिला। सुबह से ही शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। महिला, पुरुष और बच्चे बड़ी संख्या में मंदिर पहुंचे और विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना की। भक्तों ने गंगाजल के साथ बेलपत्र, फूल, अक्षत, धतूरा सहित अन्य पूजन सामग्री भगवान शिव को अर्पित की।
सोमवारी के अवसर पर पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं के स्वागत और पूजा-अर्चना को लेकर मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। शिवालयों में भक्ति गीतों के साथ भगवान शिव के जयकारे लगातार गूंजते रहे। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आया।


