नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगुसराय
नावकोठी थाना क्षेत्र के डफरपुर पंचायत स्थित छतौना गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भूसा लदे पिकअप वाहन से भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से 96 कार्टून में रखी 2304 बोतल विदेशी शराब जब्त की। मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया है।
थानाध्यक्ष मो. फिरदौस ने बताया कि शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुप्त सूचना मिली थी कि छतौना पुल के रास्ते भूसा लदी पिकअप गाड़ी से शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने छतौना चौबट्टा के समीप वाहन का पीछा किया। पुलिस को देखते ही चालक एवं तस्कर अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए और वाहन सड़क किनारे छोड़ दिया।
पुलिस ने जब पिकअप पर लदे भूसा के बोरे हटाकर तलाशी ली तो उसमें झारखंड निर्मित आइकोनिक व्हाइट इलिट इंटरनेशनल ग्रेन व्हिस्की, रॉयल स्टैग प्रीमियम एवं रॉयल चैलेंज फाइनेस्ट प्रीमियम व्हिस्की की 375 एमएल की कुल 2304 बोतल बरामद हुई। बरामद शराब की मात्रा 864 लीटर बताई गई है।

थानाध्यक्ष ने बताया कि पिकअप वाहन का चेसिस नंबर मिटाया हुआ पाया गया तथा इंजन नंबर भी संदिग्ध प्रतीत हुआ। पुलिस ने वाहन एवं शराब को जब्त कर थाना लाया। इस मामले में उत्पाद एवं मद्य निषेध अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर नामजद व अज्ञात तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी तेज कर दी गई है।
इसी क्रम में पुलिस ने छतौना निवासी सीताराम कुमार सिंह के पुत्र केशव कुमार को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में अपर थानाध्यक्ष विश्वजीत कुमार, सब इंस्पेक्टर रंजीत कुमार, युगल किशोर मंडल सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
