गौरव कुमार AV भारत न्युज संवाददाता बखरी/बेगूसराय
सावन मास की तीसरी सोमवारी को लेकर सोमवार को बखरी प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से पूरा इलाका भक्तिमय नजर आया।
श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना कर शिवलिंग पर जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा सहित अन्य पूजन सामग्री अर्पित की। इस दौरान लोगों ने भगवान शिव से सुख-समृद्धि, शांति और परिवार की मंगलकामना के लिए प्रार्थना की।
नगर के प्रसिद्ध बाबा गरीब नाथ मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। सावन की सोमवारी को लेकर मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। मंदिर में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया और पूजा-अर्चना की।
वहीं, बाबा गरीब नाथ मंदिर परिसर में रात्रि के समय सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। कार्यक्रम को लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बाबा गरीब नाथ के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई मनोकामना पूरी होती है। इसी आस्था के कारण सावन के महीने में बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक कर अपनी मनोकामना की पूर्ति के लिए प्रार्थना करते हैं।


