गोपल्लव झा AV भारत न्युज संवाददाता वीरपुर/बेगूसराय
वीरपुर थाना क्षेत्र के गेन्हरपुर पंचायत के जिंदपुर गांव में रविवार की देर रात अज्ञात चोरों ने एक घर में घुसकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोर घर से 20 हजार रुपये नकद, करीब 30 हजार रुपये मूल्य की सोने की दो चकती और एक मोबाइल लेकर फरार हो गए।
घटना के बाद पीड़ित अभिमन्यु सहनी ने वीरपुर थाना में आवेदन देकर मामले की जानकारी दी। आवेदन के अनुसार, रविवार की रात करीब 10 बजे परिवार के सभी लोग खाना खाकर सो गए थे। इसी दौरान अज्ञात चोर घर के पिछले हिस्से में स्थित छज्जी के सहारे घर में घुस गए। चोरों ने सो रहे अभिमन्यु सहनी के दो पुत्रों के गले से सोने की दो चकती निकाल ली और घर में रखे 20 हजार रुपये नकद तथा एक मोबाइल भी चोरी कर लिया।
पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस संबंध में वीरपुर थानाध्यक्ष राजू रंजन कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।


