नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगूसराय
मंझौल अनुमंडल क्षेत्र के राजेश्वरी +2 विद्यालय, खांजहांपुर में मंगलवार को जिला साइबर क्राइम थाना की ओर से साइबर अपराध के बढ़ते मामलों को लेकर जागरूकता सह प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान साइबर अपराध से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता साइबर डीएसपी सह थानाध्यक्ष इमरान अहमद ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है। इससे बचने के लिए सतर्क रहना सबसे जरूरी है। उन्होंने युवाओं से सोशल मीडिया का इस्तेमाल सावधानी के साथ करने की अपील की।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को बताया कि किसी अनजान व्यक्ति के बहकावे में नहीं आएं और अपना ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी, आधार नंबर या अन्य निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। अनजान लिंक पर क्लिक करने और बिना जानकारी के कोई ऐप डाउनलोड करने से भी बचें। थोड़ी सी लापरवाही लोगों को साइबर ठगी का शिकार बना सकती है।
डीएसपी ने बताया कि साइबर ठग फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों को फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने की कोशिश करते हैं और पैसे की मांग करते हैं। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत इसकी शिकायत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर करने की सलाह दी।
शिविर के दौरान मोबाइल हैकिंग और कॉल फॉरवर्डिंग से बचाव की जानकारी भी दी गई। डीएसपी ने बताया कि मोबाइल में कॉल फॉरवर्डिंग की स्थिति जांचने के लिए *#21# डायल किया जा सकता है। यदि कॉल फॉरवर्डिंग सक्रिय दिखाई दे तो ##002# डायल कर इसे हटाया जा सकता है।
मौके पर साइबर इंस्पेक्टर शैलेन्द्र कुमार और सुबोध कुमार ने भी साइबर ठगी के नए-नए तरीकों और उनसे बचने के उपायों की जानकारी छात्र-छात्राओं को दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक सुभाष कुमार मंडल ने की।


