नवीन कुमार मिश्रा AV भारत न्युज संवाददाता बेगूसराय
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, बिहार सरकार की ओर से मंगलवार को मंझौल के रामचरित्र सिंह महाविद्यालय में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। इसके अलावा ए.एन. उच्च विद्यालय मंझौल में भी शिविर लगाया गया। शिविर का उद्देश्य छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक और अन्य समस्याओं का समाधान करना था।
रामचरित्र सिंह महाविद्यालय में आयोजित शिविर की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. कमलेश कुमार ने की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के पास उपलब्ध सीमित संसाधनों का बेहतर उपयोग करने में सभी की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि अंक प्रमाण पत्र, मूल प्रमाण पत्र, नामांकन या करियर काउंसलिंग से संबंधित किसी भी तरह की समस्या होने पर लिखित आवेदन महाविद्यालय में दें, ताकि उसका यथाशीघ्र समाधान किया जा सके।
इस मौके पर जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, बेगूसराय की ओर से रामचरित्र सिंह महाविद्यालय, मंझौल के लिए नवनियुक्त नोडल पदाधिकारी कुमार अनुभव ने बताया कि ‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ निश्चय के तहत विद्यार्थियों की शैक्षणिक एवं छात्रावास से जुड़ी समस्याओं और सुझावों के प्रभावी समाधान के लिए प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को विद्यार्थी सहयोग शिविर आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि शिविर से संबंधित जानकारी के लिए निःशुल्क हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अलावा ऑनलाइन परिवाद भी दर्ज कराया जा सकता है। परिवाद दर्ज होने की तिथि से 30 दिनों के अंदर उसके निष्पादन की प्रक्रिया पूरी कर आवेदक को लिखित रूप से इसकी सूचना दी जाएगी।
शिविर में एनसीसी पदाधिकारी डॉ. अभिषेक शर्मा, डॉ. सौरभ कुमार, डॉ. गंगा सागर, दीनबंधु सहित कई शिक्षकों ने अपने विचार रखे और छात्र-छात्राओं की समस्याओं के समाधान से संबंधित जानकारी दी।
वहीं दूसरी ओर ए.एन. उच्च विद्यालय, मंझौल में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, चेरियाबरियारपुर गुजा प्रवीण के नेतृत्व में विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।


